खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा शहर स्थित दूध डेयरी, फुटकर दूध विक्रेता एवं पनीर विक्रय केंद्रों का किया गया औचक निरीक्षण
===
पनीर के लिए गए नमूनें,सांची दुग्ध संघ के सहयोग से मिल्क टेस्ट किट से परखी गई दूध एवं दुग्ध पदार्थों की ऑन द स्पॉट गुणवत्ता
===
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया द्वारा दूध डेयरी,फुटकर दूध विक्रेता एवं पनीर विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। कार्यवाही में सांची दुग्ध संघ दमोह के प्रबंधक दिनेश मांझी के सहयोग से मिल्क टेस्ट किट के माध्यम से दूध एवं दुग्ध पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
दमोह शहर में जबलपुर नाका स्थित श्री कृष्णा दुग्ध धारा दूध डेयरी,मोरगंज पुरानी गल्ला मंडी स्थित विद्यासागर एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, कचौरा शॉपिंग सेंटर स्थित दीपक पटेल दूध डेयरी,प्राइवेट बस स्टैंड स्थित बालाजी दूध डेयरी एवं मुकेश नायक कॉलोनी स्थित सार्थक डेयरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में परिसर में संग्रहित पनीर के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इसी तरह दमोह शहर में एक दर्जन से अधिक फुटकर दूध विक्रेताओं/फेरी वाले दूध विक्रेता के द्वारा बेचे जा रहे दूध की गुणवत्ता की जांच मिल्क टेस्ट किट के द्वारा की गई। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
9 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 1, 2026