#Balrampur ! गांव-गांव गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश, बहू-बेटी सम्मेलनों में पुलिस ने किया जागरूक...
दहेज प्रथा, बाल विवाह और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी, महिला हेल्पलाइन व कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक...
#बलरामपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए रविवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जिलेभर में बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति के नोडल प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं, बालिकाओं, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने भाग लिया। महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
सम्मेलनों में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। महिलाओं को बताया गया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और साइबर अपराध, खासकर डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के तरीके भी समझाए गए।
पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी दी। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पंपलेट वितरित करने के साथ थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों और परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली भी बताई गई।
इसके अलावा नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया गया। पुरुषों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस ने महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
#balrampurpolice