#Balrampur ! एएसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्ती
आईजीआरएस और जनसुनवाई के मामलों की रोजाना समीक्षा के निर्देश, अभिलेखों को दुरुस्त रखने और साफ-सफाई पर भी दिया जोर
#बलरामपुर। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और अभिलेखों की स्थिति परखी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यों में समयबद्धता, अनुशासन और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने प्रधान लिपिक शाखा, आंकिक शाखा, वाचक शाखा, शिकायत प्रकोष्ठ, आईजीआरएस, पासपोर्ट, जनसूचना एवं आरटीआई शाखा, विशेष जांच प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया सेल का भ्रमण किया। उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
एएसपी ने कहा कि कार्यालय में तैनात सभी पुलिसकर्मी और लिपिक निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालय आने वाले फरियादियों और अन्य लोगों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। शिकायतों को डिफॉल्टर होने से बचाने के लिए प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा कार्यालय की सभी फाइलों और अभिलेखों को सुरक्षित रखने, शाखाओं में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
#balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 14, 2026