#Balrampur ! छठ घाटों पर पुलिस का पहरा, नाव से निगरानी और गोताखोरों की तैनाती...
सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए सभी थाना प्रभारियों ने किया घाटों का निरीक्षण, महिला पुलिसकर्मियों की भी रहेगी तैनाती...
#बलरामपुर। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले के प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस बल और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। वहीं, नाव के जरिए नदी में लगातार पेट्रोलिंग कर गहरे पानी वाले स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में रविवार को सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर नदी में खतरनाक और गहरे स्थानों को रस्सी व बैरिकेडिंग से चिह्नित किया गया है। श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य देने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों को लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य बचाव उपकरणों के साथ तैनात किया गया है।
घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मिशन शक्ति टीम भी लगातार भ्रमणशील रहेगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था भी बनाई गई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने, संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को घाटों पर सतर्क निगरानी रखने और श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।
#balrampurpolice #BalrampurPolice