मूर्ति विसर्जन के जुलूस में बज रहा था तेज डीजे, 20 दिन की नवजात की मौत से मचा कोहराम...
मां का आरोप- तेज आवाज से बिगड़ी बच्ची की हालत, पुलिस ने डीजे किया सीज; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार...
#बलिया। जिले के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान बज रहे तेज आवाज वाले डीजे के बीच महज 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां ने डीजे की तेज आवाज को बच्ची की हालत बिगड़ने की वजह बताया है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को मुड़ियारी गांव निवासी रमेश गोंड की बहन रीमा देवी अपनी नवजात बच्ची के साथ घर में थीं। वह करीब 10 दिन पहले ही बच्ची की देखभाल के लिए ससुराल से मायके आई थीं। आरोप है कि इसी दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए तेज आवाज में डीजे बजाते हुए कुछ लोग घर के सामने से गुजरे। कुछ देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रीमा देवी का आरोप है कि घटना के वक्त वह बच्ची के साथ घर में बैठी थीं। दरवाजे पर काफी तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसके कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मनियर पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही संबंधित डीजे को सीज कर कब्जे में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।