#Balrampur ! डिजिटल अरेस्ट से लेकर फर्जी लिंक तक, साइबर ठगों के नए हथकंडों पर पुलिस ने किया सतर्क...
बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चला जागरूकता अभियान, ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील
#बलरामपुर। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से आमजन को बचाने के लिए बलरामपुर पुलिस ने रविवार को जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों के बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के तरीकों से आगाह किया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में साइबर थाना व साइबर सेल की टीम ने लोगों को जागरूक किया। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी कभी अधिकारी बनकर डराते हैं तो कभी लॉटरी, नौकरी और आकर्षक ऑफर का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई ठग लेते हैं।
अभियान के दौरान डिजिटल अरेस्ट, बैंक केवाईसी, ओटीपी, यूपीआई और क्यूआर कोड फ्रॉड के साथ फर्जी लिंक व एपीके फाइल के जरिए होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी गई। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ब्लैकमेल करने, ऑनलाइन शॉपिंग और नौकरी के नाम पर ठगी तथा बच्चों को ऑनलाइन गेम और मुफ्त रिचार्ज का लालच देकर निशाना बनाने के तरीकों से भी सावधान किया गया।
पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या सीवीवी की जानकारी न दें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और बच्चों की तस्वीरें साझा करने में भी सतर्कता बरतें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी। साथ ही संबंधित बैंक को सूचना देकर खाते या कार्ड को सुरक्षित कराने और ठगी से जुड़े मोबाइल नंबर, मैसेज व लेनदेन के साक्ष्य सुरक्षित रखने को कहा।
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर अपराधियों के डर और लालच में न आएं। किसी के फोन पर धमकाने या लालच देने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
#balrampurpolice #BalrampurPolice