#Balrampur ! एएसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए सख्त निर्देश
शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर, कार्यालय में अनुशासन और फरियादियों से शिष्ट व्यवहार बनाए रखने की हिदायत
बलरामपुर। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर अभिलेखों की जांच की और उनके रखरखाव व अद्यतन स्थिति को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने प्रधान लिपिक शाखा, आंकिक शाखा, वाचक शाखा, शिकायत प्रकोष्ठ, आईजीआरएस, पासपोर्ट, जनसूचना (आरटीआई), विशेष जांच प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया सेल का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों और लिपिकों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा कार्यालय आने वाले फरियादियों के साथ शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी।
एएसपी ने आईजीआरएस पोर्टल, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी शिकायत डिफॉल्टर की श्रेणी में न पहुंचे।
इसके साथ ही कार्यालय के अभिलेखों को व्यवस्थित, अद्यतन और सुरक्षित रखने तथा फाइलों का उचित रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर और सभी शाखाओं में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
#balrampurpolice #BalrampurPolice