मक्के में बाल विवाह रोकथाम एवं बालिकाओं की शिक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मक्के, परियोजना नैनपुर में वन स्टॉप सेंटर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह दंडनीय अपराध है। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, बाल श्रम, लिंग परीक्षण निषेध एवं महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा बाल विवाह की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में आपातकालीन सहायता एवं शिकायत के लिए बाल विवाह जिला कंट्रोल रूम 07642-252699, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रेखा झारिया, सहायिका श्रीमती गनेशी भांवरे, आशा कार्यकर्ता श्रीमती जमुना जंघेला एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandlla