#Balrampur ! मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को वन विभाग सतर्क, रामनगरा में लगाया गया पिंजरा, कौआ में ग्रामीणों को दिए सुरक्षा टिप्स...
01 सितंबर 2026
#बलरामपुर । क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने और वन क्षेत्र से सटे संवेदनशील गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विभागीय टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के साथ-साथ ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में वन क्षेत्र के ग्राम रामनगरा में तेंदुए की आवाजाही पर नजर रखने और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया है, जिसमें बकरा बांधा गया है। वन कर्मियों की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। विभाग ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि तेंदुआ या अन्य कोई हिंसक वन्यजीव दिखने पर भीड़ न जुटाएं, न ही उसे घेरने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
उधर, ग्राम कौआ में भी जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को 'क्या करें और क्या न करें' की विस्तार से जानकारी दी गई। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव दिखने पर घबराने या अफवाह फैलाने के बजाय तुरंत संयम बरतें और सुरक्षित दूरी बनाते हुए विभागीय अधिकारियों को सूचित करें। विभाग का कहना है कि जनसहयोग और सतर्कता से ही मानव-वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम किया जा सकता है।