#Balrampur ! आपात स्थिति से निपटने की तैयारी: बलरामपुर अस्पताल में कर्मचारियों को मिला अग्नि सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण...
01 सितम्बर, 2026
#बलरामपुर। जिला मेमोरियल चिकित्सालय में मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को 'Quality Assurance' कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को आपात स्थिति से निपटने तथा अग्निशामक यंत्रों (Fire Extinguisher) के सही संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और त्वरित निर्णय क्षमता बेहद जरूरी है। कर्मचारियों को शुरुआत में ही आग पर काबू पाने के तरीके, अग्निशामक यंत्रों की पिन निकालने, निशाना साधने और स्प्रे करने की तकनीक (PASS मेथड) के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही आपातकालीन निकासी के रास्तों और आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित माहौल में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। इस प्रकार के नियमित व्यावहारिक अभ्यासों से कर्मचारियों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होती है, जिससे किसी भी अनहोनी की स्थिति में जान-माल के नुकसान से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में अस्पताल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।