#Balrampur ! डायल 112 की सूझबूझ से बची चार जिंदगियां: राप्ती नदी में कूदने जा रहे दंपति और बच्चों को पुलिस ने बचाया, SP ने किया सम्मानित
#बलरामपुर। जिले में डायल 112 की टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। राप्ती नदी में कूदकर जीवनलीला समाप्त करने जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों को पुलिस टीम ने ऐन मौके पर सुरक्षित बचा लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय में बचावकर्मी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुल पर मिला था पूरा परिवार
घटना 26 अगस्त की रात की है। समय लगभग 9:27 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बिजलीपुर स्थित राप्ती नदी पुल के पास एक दंपति अपने दो मासूम बच्चों (उम्र 7 वर्ष व 3 वर्ष) के साथ नदी में कूदने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही PRV-6230 पर तैनात आरक्षी कमांडर मनोज पाल और होमगार्ड चालक अशोक शुक्ला बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे।
ऐन वक्त पर दबोचा, परिजनों को सौंपा
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो दंपति अपने बच्चों के साथ नदी में छलांग लगाने ही वाला था। टीम ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए तुरंत आगे बढ़कर सभी को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कोतवाली नगर थाना प्रभारी और परिजनों को सूचित किया। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पूरे परिवार को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
SP ने की सराहना
पुलिस टीम की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की। मंगलवार को एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कमांडर मनोज पाल और पायलट अशोक शुक्ला को पुलिस कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र सौंपा और उनके कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार की सराहना की।