#भरतपुर। डीग जिले की कुम्हेर नगर पालिका के वार्ड 20 स्थित एक मतदान केंद्र पर गुरुवार दोपहर फर्जी मतदान का आरोप लगाकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, बारिश थमने के बाद जब मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंचे, तो प्रत्याशियों के समर्थकों में फर्जी वोटिंग को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद जब लोग पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, तो हालात बिगड़ने की सूचना थाने को दी गई। इसके बाद कुम्हेर थानाधिकारी जितेंद्र चौधरी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र होती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की लाठियां चलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर आसपास के घरों में छिप गए, जिसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें घरों के भीतर ही रहने की सख्त हिदायत दी।