#भरतपुर। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान मार्ग से ईमानदारी की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। जाटोली घना के रिक्शा चालक फूल सिंह जाटव को रास्ते में गिरा हुआ एक मोबाइल फोन मिला। लालच में आए बिना और पूरी ईमानदारी का परिचय देते हुए उन्होंने उस फोन को उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया। रिक्शा चालक की इस निस्वार्थ ईमानदारी और इंसानियत की सराहना करते हुए डीग जिले के पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। फूल सिंह जाटव का यह कार्य समाज में ईमानदारी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति एक प्रेरणादायक संदेश देता है कि आज भी समाज में सच्चाई और नैतिकता की जड़ें बेहद मजबूत हैं।