#भरतपुर। जिले के नदबई उपखंड में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने कई मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैलारा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जागृति विद्यालय तथा महात्मा गांधी स्कूल में बने पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था, निष्पक्षता और मतदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस जाब्ते को सतर्क रहने और किसी भी असुविधा से मुक्त भयमुक्त माहौल सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। चुनाव में पहली बार निकाय क्षेत्र में शामिल किए गए ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों ने विकास की नई उम्मीदों के साथ बढ़-चढ़कर मतदान किया। बैलारा बूथ पर पहली बार वोट डालने पहुंचीं जेन-जी वोटर्स पलक कुमारी, प्रीति और अंशु ने खुशी जताते हुए कहा कि नगर निकाय का हिस्सा बनने से उनके क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, सफाई और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार होगा।