कलेक्ट्रेट में विराजेंगे आशा आश्रय गृह के मनोरोगियों के द्वारा माटी से निर्मित सिद्ध गणेश
बड़वानी 14 सितम्बर 2026/ प्रत्येक मनुष्य के मानस में सृजनशीलता ईश्वर की देन होती है बस आवश्यकता है तो उसे योग्य मैटर एवं अपने पुरुषार्थ से मूर्त रूप देने की उक्त बातें कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने आशाग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित आशा आश्रय गृह के मनोरोगियों के द्वारा हस्त निर्मित माटी के श्री सिद्ध गणेश जी की प्रतिमा आश्रय गृह वासियों के द्वारा भेंट स्वरूप प्राप्त करते हुए कही। उन्होंने कहा जो कभी निराश्रित जीवन जीते हुए विक्षिप्तता की अवस्था में दर-दर भटक रहे थे आज वे समर्थ स्वावलंबी बनकर भगवान गणेश जी की प्रतिमा को आकार देकर अपनी कल्पना शक्ति के रंग भर रहे हैं।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने विधि विधान से मनोरोगियों द्वारा नर्मदा माटी से निर्मित गणेश जी की प्रतिमा को कलेक्टर ऑफिस में स्थापित करने के लिए कहा। ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया ने बताया आशाग्राम ट्रस्ट में कन्या महाविद्यालय बड़वानी की छात्राएं एक माह के इंटर्नशिप पर आई हुई है। इन्हें एक और जहां सेवा सरोकार के कार्यों से जोड़ा जा रहा है वही मनोरोगियों एवं दिव्यांग जनों की प्रतिभा को निखारने के लिए भी आश्रय गृह जैसे संस्थानों से जोड़ रहे हैं जिससे एक समावेशी माहौल में नवाचार को मूर्ति रूप दिया जा सके। आश्रय गृह के कर्मचारी श्रीमती साधना भावसार के साथ कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने गणेश जी की प्रतिमा निर्माण करने के लिए मनोरोगियों को दक्षता प्रदान की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अर्पित गुप्ता, आशाग्राम ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ केपी सिंह, श्री अशोक दोषी, श्री के एस मकवाना, श्री सचिन दुबे, श्री मणिराम नायडू, श्री समाधान पाटिल आदि उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#Badwani