जमीन कारोबारी को नक्सलियों का ‘मौत का फरमान’! पोस्टर में अजय यादव समेत दो लोगों को धमकी, परिवार में दहशत
गया: गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के मरदुआ गांव निवासी जमीन कारोबारी अजय यादव को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के नाम से मौत की सजा सुनाए जाने का मामला सामने आया है। नक्सलियों के नाम से चिपकाए गए पोस्टर में अजय यादव के साथ उनके सहयोगी व रिश्तेदार वीरेंद्र यादव के खिलाफ भी कार्रवाई का फरमान जारी किए जाने की बात कही गई है।
पोस्टर सामने आने के बाद अजय यादव और उनका परिवार दहशत में है।
बताया जा रहा है कि अजय यादव के पैतृक गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र में दुल्हा बिगहा नहर के पास पीएनबी के समीप यह कथित नक्सली पोस्टर चिपकाया गया। पोस्टर में अजय यादव पर जमींदारी की परती जमीन बेचने का आरोप लगाया गया है। साथ ही कथित तौर पर माओवादी नेता रोहित जी के नाम से फरमान जारी किए जाने की बात सामने आई है।
पोस्टर की जानकारी मिलने के बाद अजय यादव ने थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी और सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। जमीन कारोबारी अजय यादव ने कहा कि वह कोई बड़े जमीन कारोबारी नहीं हैं, बल्कि छोटी-मोटी जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। पोस्टर में लगाए गए आरोपों को लेकर भी उन्होंने जांच की मांग की है।
वहीं, छटमा पंचायत के मुखिया जोगेंद्र कुमार यादव ने घटना पर चिंता जताते हुए प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पोस्टर वास्तव में प्रतिबंधित नक्सली संगठन की ओर से जारी किया गया है या किसी ने पुरानी रंजिश अथवा दहशत फैलाने के उद्देश्य से नक्सलियों के नाम का इस्तेमाल किया है। पोस्टर में लगाए गए आरोपों की सच्चाई भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
#गयाजी
#GayaPolice
#Crime
#गया_हो
#CrimeNews
#बिहार
#biharpolties
#crimestory
#पितृपक्ष