सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अंबेडकर चौराहे से मौनी बाबा मंदिर तक चला संयुक्त अभियान, नगर पालिका ने हटवाया अतिक्रमण, एआरटीओ ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के काटे चालान
उरई में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का शिकंजा, फुटपाथ खाली कराए; सिटी मजिस्ट्रेट की दो टूक, दोबारा अतिक्रमण किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन)। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर पालिका और एआरटीओ विभाग की संयुक्त टीम ने अंबेडकर चौराहे से मौनी बाबा मंदिर तक अभियान चलाया। अभियान के दौरान फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के साथ नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण न करें। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि कार्रवाई से पहले अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें, ताकि उनके सामान का नुकसान न हो।
नगर पालिका के ईओ राम अचल कुरील और टीएस गणेश प्रसाद ने भी दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। वहीं एआरटीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में यातायात टीम ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों की चेकिंग कर चालान किए और वाहन स्वामियों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने की हिदायत दी।
बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पार्किंग के लिए स्थान भी चिह्नित किया गया, ताकि मुख्य बाजार में वाहनों का दबाव कम हो और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
इसी दौरान घंटाघर से राठ रोड जाने वाले मार्ग पर नीखरा मेडिकल के आसपास सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट और एआरटीओ राजेश कुमार ने मेडिकल संचालकों को बुलाकर वाहनों को सही क्रम में खड़ा करने की अपील की। रात्रि के समय सड़क पर खड़े मिले वाहनों के भी चालान किए गए।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#Jalaun #Orai #OraiNews #JalaunNews #EncroachmentDrive #TrafficDrive #TrafficPolice #Municipality #ARTO #CityMagistrate #TrafficRules #NoParking #IllegalEncroachment #TrafficManagement #UttarPradesh #UPNews #LocalNews #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 16, 2026