विकास कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी, योजनाओं का लाभ समय से जनता तक पहुंचाएं : डीएम समीर
सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश, स्वास्थ्य-बिजली-स्वच्छता व राजस्व कार्यों की समीक्षा
उरई (जालौन)। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान कम रैंकिंग वाले विभागों को तत्काल कार्यप्रणाली में सुधार कर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि केवल लक्ष्य पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार देने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और विद्युत संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने को कहा गया। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई बेहतर करने तथा नियमित निगरानी पर जोर दिया गया। वहीं राजस्व विभाग को लंबित प्रकरणों और भूमि संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय आंकड़ों को सही, अद्यतन और पारदर्शी रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डैशबोर्ड के आंकड़ों से शासन स्तर पर जनपद की विकास प्रगति का आकलन होता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य कर शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Sep 16, 2026