25 किलो 514 ग्राम अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद
उरई/जालौन। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालौन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एट थाना पुलिस ने एक गांजा तस्कर को 25 किलो 514 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 16 सितंबर 2026 को एट थाना पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने महेश सोनी पुत्र स्व. चेतन स्वामी, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी मोहल्ला गोपालगंज, कस्बा व थाना मऊरानीपुर, जनपद झांसी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 25 किलो 514 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में एट थाने में मुकदमा संख्या 134/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना गंजामपाड़ा, बौध (ओडिशा) और थाना मऊरानीपुर, झांसी से संबंधित मामले शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष एट मय पुलिस टीम शामिल रही।
बरामदगी: 25 किलो 514 ग्राम अवैध गांजा/01 मोटरसाइकिल
Orai, Jalaun | Sep 16, 2026