भानपुरा के लौटखेड़ी में अंबेडकर प्रतिमा तोड़ने पर बवाल, आक्रोशित लोगों ने चौराहे पर लगाया जाम
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग; थाना प्रभारी विनय बौंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात
भानपुरा। मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र के लौटखेड़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। गत रात्रि अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना सामने आने के बाद बुधवार को क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग लौटखेड़ी चौराहे पर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने चौराहे पर जाम लगाकर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के चलते आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भानपुरा थाना प्रभारी विनय बौंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। पुलिस बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों की मांग है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
**यशस्वी दुनिया पर बने रहिए, भानपुरा की इस बड़ी खबर से जुड़े हर अपडेट के लिए।**