जनसुनवाई में दिखी मानवता की मिसाल, दिव्यांग फरियादी को एसडीओपी ने सरकारी वाहन से पहुंचवाया बस स्टैंड
मंदसौर। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ावदी निवासी दिव्यांग हीरालाल अपनी मोटरसाइकिल से संबंधित शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जब वे घर लौटने के लिए बाहर निकले तो सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने उनकी परेशानी को समझते हुए अपने सरकारी वाहन से उन्हें बस स्टैंड तक पहुंचवाया। इतना ही नहीं, घर जाने के लिए बस का किराया भी उपलब्ध कराया। पुलिस अधिकारी की इस संवेदनशील पहल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस छोटे से सहयोग ने पुलिस की मानवीय छवि और जनसेवा के भाव को सामने रखा।