जोनल स्केटिंग प्रतियोगिता में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने जीते पदक
जहानाबाद। डीएवी पब्लिक स्कूल, गयाजी में आयोजित जोनल स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। अंडर-14 वर्ग में अनन्या शर्मा ने स्वर्ण जबकि सौर्या वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालिका अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली अनन्या शर्मा राजा बाजार, सर गणेशदत्त नगर की रहने वाली हैं। वहीं बालक अंडर-14 वर्ग में कांस्य पदक विजेता सौर्या वर्मा सुंदर नगर निवासी हैं। दोनों खिलाड़ियों ने स्केटिंग प्रशिक्षक राहुल कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
प्रशिक्षक राहुल कुमार पिछले कई वर्षों से जिले के खिलाड़ियों को स्केटिंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में जिले के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पदक हासिल कर रहे हैं।
खिलाड़ियों की सफलता पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने अनन्या शर्मा और सौर्या वर्मा सहित उनके माता-पिता को बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
डीएम ने प्रशिक्षक राहुल कुमार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर देकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।