सौर योजना में ऋण स्वीकृति से लेकर पैनल लगाने तक तेजी के निर्देश
जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित बैठक में ऋण आवेदनों की स्वीकृति, डिस्बर्समेंट और सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बिहार ग्रामीण बैंक में प्राप्त अधिक संख्या वाले ऋण आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने बैंक अधिकारियों को स्वीकृत ऋण आवेदनों का डिस्बर्समेंट तथा प्रक्रियाधीन आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई अगले दो से तीन दिनों में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंक स्तर पर किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
सोलर वेंडरों के कार्यों की समीक्षा के दौरान लॉगिन में लंबित आवेदनों के लाभुकों से तत्काल संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने और एग्रीमेंट निष्पादित कराने को कहा गया, ताकि सोलर पैनल लगाने का काम जल्द शुरू हो सके। बैठक में 18 लंबित या प्रक्रियाधीन सोलर पैनल अधिष्ठापन मामलों को अविलंब पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं, विद्युत विभाग के कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन कराने और अभियान चलाकर योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने बैंक अधिकारियों, सोलर वेंडरों और विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने को कहा। उन्होंने ऋण स्वीकृति, डिस्बर्समेंट, एग्रीमेंट और सोलर पैनल अधिष्ठापन की पूरी प्रक्रिया में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।