राज्य स्तरीय सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा, चयनित आवेदकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश
जहानाबाद। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला पदाधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय सहयोग शिविर (एसएलएसपी) की तैयारियों एवं चयनित मामलों के निष्पादन की समीक्षा की गई। प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित होने वाला आगामी राज्य स्तरीय सहयोग शिविर आठ सितंबर को प्रस्तावित है।
बैठक में शिविर के सफल आयोजन को लेकर सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चयनित सभी आवेदकों को निर्धारित तिथि को कार्यक्रम स्थल पर ससमय पहुंचाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को दी गई, ताकि शिविर का संचालन निर्धारित समय पर सुचारू रूप से हो सके। आवेदकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कार्यक्रम की तिथि, समय और स्थल की जानकारी समय से उपलब्ध कराने तथा उनके आवागमन एवं सहभागिता की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान चयनित मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित विभागों को प्रत्येक मामले की विभागीय स्तर पर समीक्षा एवं सत्यापन कर अद्यतन प्रतिवेदन सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने तथा निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने संबंधित जिला स्तरीय एवं विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय सहयोग शिविर से जुड़े प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चयनित आवेदकों को समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने, आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने और सहयोग पोर्टल पर अद्यतन प्रतिवेदन अपलोड करने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया। साथ ही शिविर के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का त्वरित एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।