थाना परिसरों में रात में चला कांड दैनिकी लेखन सत्र, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक जहानाबाद के निर्देश पर बुधवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी (केस डायरी) लेखन सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा करते हुए केस डायरी लेखन की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
सत्र का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाना, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन में तेजी लाना तथा केस डायरी लेखन से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों का मौके पर ही समाधान करना रहा। थानाध्यक्षों ने अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के निष्पादन में समयबद्धता बनाए रखने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांडों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और केस डायरी को तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जाए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस तरह के सत्र से अनुसंधान प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।