आहर में डूबने से युवक की मौत, पिपरा गांव में पसरा मातम
मखदुमपुर। रामपुर पंचायत के पिपरा गांव में गुरुवार की शाम आहर में स्नान करने के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय साधु यादव के छोटे पुत्र बिक्की कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि बिक्की कुमार गुरुवार की शाम करीब पांच बजे घर के समीप स्थित रोजा आहर में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मुखिया अवधेश शर्मा, मुखिया संजय चौधरी समेत अन्य ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की।