लोक शिकायत के चार अपीलीय मामलों की सुनवाई, तीन का निष्पादन
जहानाबाद। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में चार अपीलीय मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान संबंधित मामलों में अब तक की गई कार्रवाई और उपलब्ध अभिलेखों की बारीकी से समीक्षा की गई। इनमें तीन मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि एक लंबित मामले में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अंचल अधिकारी, काको से संबंधित परिमार्जन के एक मामले की समीक्षा के बाद उसका निष्पादन किया गया। वहीं, भूमि मापी एवं रद्दीकरण से जुड़े एक मामले की भूमि सुधार उप समाहर्ता के साथ समीक्षा की गई। बिजली के पोल और तार हटाने से संबंधित मामले की कार्यपालक अभियंता, विद्युत के साथ समीक्षा कर उसका भी निष्पादन किया गया।
इसके अलावा अंचल अधिकारी, हुलासगंज से संबंधित भूमि मापी के एक लंबित मामले की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
समय-सीमा में करें शिकायतों का निष्पादन
जिला पदाधिकारी ने संबंधित लोक प्राधिकारों को निर्देश दिया कि लोक शिकायत से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता और गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं हो और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।