स्कूल वाहन चालकों की हुई स्वास्थ्य जांच, यातायात नियमों के पालन की दिलाई शपथ
40 चालकों-परिचालकों की हुई स्वास्थ्य, नेत्र और शुगर जांच; नशे में ड्राइविंग और ओवरस्पीड से बचने की अपील
उरई। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन एवं शिक्षा विभाग ने बुधवार को डिवाइन मर्सी स्कूल, मवई रोड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में स्कूल वाहन चालकों और परिचालकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देने के साथ उनके स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में करीब 40 वाहन चालकों एवं परिचालकों की स्वास्थ्य, नेत्र और मधुमेह (शुगर) की जांच की। जांच में स्वास्थ्य संबंधी कमी पाए जाने पर संबंधित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने नशे में वाहन चलाने, तेज गति और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने से बचने के साथ निर्धारित लेन में वाहन चलाने पर जोर दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पण्डित ने कहा कि स्कूल वाहनों का संचालन वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही किया जाए। उन्होंने रांग साइड और तेज गति से वाहन चलाने से बचने की अपील की।
कार्यक्रम में गुड सेमेरिटन एवं हिट एंड रन योजना की भी जानकारी दी गई। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को सरकार द्वारा दिए जाने वाले गुड सेमेरिटन पुरस्कार के बारे में बताया गया।
समाजसेवी एवं गुड सेमेरिटन पुरस्कार से सम्मानित अब्दुल अलीम खान ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों के पालन को जरूरी बताया। चिकित्सकीय टीम ने वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
Orai, Jalaun | Sep 10, 2026