पीडीए की एकजुटता से 2027 में सपा की बनेगी मजबूत सरकार: श्याम लाल पाल
पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
उरई। शहर के कोंच रोड स्थित मधुवन विला सभागार में बुधवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक (पीडीए) कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि पीडीए समाज की एकजुटता सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत आधार प्रदान करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के हितों की आवाज लगातार उठाती रही है। पीडीए के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से अवगत कराएं।
श्याम लाल पाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के अधिकार और सम्मान की लड़ाई को सपा पूरी मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
सम्मेलन के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव दादी, भानू राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष की पुत्रवधू पूजा वर्मा, सुरक्षित विधानसभा सीट उरई की दावेदार, चुन्ना हुसैन रिजवी, नत्थू कुशवाहा, महेश शिरोमणि दोहरे, जमालुद्दीन पप्पू, बृजमोहन उर्फ बब्लू अहिरवार नरछा, रामेंद्र त्रिपाठी, मुकेश यादव(पूर्व सभासद) सहित जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Sep 10, 2026