अम्बेडकर अपमान मामले में एफआईआर न होने पर पांचवें दिन भी अनशन जारी
एसपी के आदेश के बावजूद 36 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज न होने का आरोप; गवाहों को धमकी देने का भी लगाया आरोप
उरई (जालौन)। अम्बेडकर चौराहा स्थित डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा के नीचे चल रहा अनशन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। अनशन पर बैठे अजय सिंह एडवोकेट ने अपने सहयोगी कमलेश सागर एवं अजय गौतम के साथ संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अजय एडवोकेट ने आरोप लगाया कि माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा में राममोहन पुत्र बाबूराम निवासी गोपालपुरा ने दुकान पर बैठे लोगों एवं एक नाबालिग बच्ची के सामने आपत्तिजनक जातिसूचक टिप्पणी करते हुए डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं एक विशेष जाति का अपमान किया। उन्होंने बताया कि उक्त घटना का वीडियो साक्ष्य उनके पास सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए 3 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया गया था। उनके अनुसार, उसी दिन पुलिस अधीक्षक ने एसएचओ माधौगढ़ को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, जिसकी प्रति भी उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद 36 दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
अनशनकारियों ने आरोप लगाया कि इसके उलट 4 सितंबर को बंगरा निवासी बृजभान गुर्जर द्वारा मोबाइल के माध्यम से प्रार्थी एवं गवाह मानसिंह को धमकी दिलवाई गई। इस संबंध में जीआरएस के माध्यम से शिकायत की गई, लेकिन आरोप है कि बिना उचित जांच किए ही शिकायत का फर्जी निस्तारण कर दिया गया।
अजय सिंह ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज न होने, गवाहों को धमकी दिए जाने तथा पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में धरना जारी है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जाएगी।
नोट: अभी किसी प्रकार के कोई भी आरोपों की जांच नहीं हुई है, यह खबर प्रेस वार्ता एवं प्रेस नोट पर आधारित है।
Orai, Jalaun | Sep 10, 2026