उरई में महिला की मौत के बाद डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, डॉ रुपाली सचान पर BNS की धारा 106(1) में केस दर्ज
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई/जालौन। उरई में इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में परिजनों ने निजी अस्पताल की डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले में उरई कोतवाली पुलिस ने BNS की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवपुरी कस्बा निवासी धर्मराज सिंह सेंगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी ज्योति सिंह को जून 2026 में गर्भाशय बाहर निकलने की समस्या हुई थी। इसके बाद उन्होंने पटेल नगर स्थित कुंज हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. रुपाली राय सचान से पत्नी का इलाज कराया। आरोप है कि 6 जुलाई को दोबारा परेशानी होने पर डॉक्टर ने जल्द ऑपरेशन कराने और गर्भाशय निकलवाने की सलाह दी तथा ऑपरेशन नहीं कराने पर कैंसर होने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को ज्योति सिंह को कुंज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। पति का आरोप है कि ऑपरेशन जल्दबाजी और लापरवाही से किया गया। आरोप है कि कुछ दिन बाद टांकों में संक्रमण हो गया, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों को समय रहते नहीं दी गई और करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में ही इलाज चलता रहा। ज्योति की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उरई के अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें 22 अगस्त को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया। इसके बाद चरक अस्पताल और फिर पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार, संक्रमण और गैंगरीन बढ़ने के कारण महिला की हालत लगातार गंभीर होती गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
7 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे पीजीआई लखनऊ में ज्योति सिंह की मौत हो गई। मृतका के पति ने डॉ. रुपाली राय सचान पर जल्दबाजी, असावधानी और लापरवाही से ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर उरई कोतवाली पुलिस ने BNS की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाज में वास्तव में चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच और चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा। डॉक्टर की ओर से आरोपों पर फिलहाल कोई पक्ष सामने नहीं आया है।
#OraiNews #jalaunnews #oraijalaun #jalaunpolice #UPPolice
Orai, Jalaun | Sep 9, 2026