शराब ठेके के पास धारदार हथियार से हमला, 42 वर्षीय मदनलाल गंभीर घायल
गर्दन पर वार के बाद श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर, बेटी निशा ने कोतवाली में दी तहरीर; ठेका शिफ्ट करने की मांग को लेकर अमसारी की महिलाएं धरने पर
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुई मारपीट की घटना में 42 वर्षीय मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि उनके गर्दन पर तेज धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में घायल मदनलाल की बेटी निशा ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तीन साल से ठेका शिफ्ट करने की मांग
घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाएं शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने ठेके के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि शराब की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हुआ है और आए दिन विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
महिलाओं का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से शराब के ठेके को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग कर रही हैं। इसके लिए लगातार विरोध-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन स्तर पर उनकी मांग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
महिलाओं ने शुक्रवार को हुई घटना को भी शराब के ठेके से जुड़े माहौल का परिणाम बताया। उनका कहना है कि ठेके के आसपास आए दिन होने वाले विवादों से स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब के ठेके को क्षेत्र से शिफ्ट करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। #rudraprayag #facebookviral #kedarnath #socialmedia #viral #today #attack