रांची : आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। घटना के विरोध में भाजपा बुढ़मू मंडल के कार्यकर्ताओं ने बुढ़मू थाना मोड़ के पास राज्य सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला बेहद गंभीर है। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करे। उन्होंने जमीन दलाल समेत घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई जांच कराने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि जब तक इस घटना की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक पीड़िता को न्याय मिलना अधूरा रहेगा। कार्यकर्ताओं ने सरकार से आदिवासी समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा बुढ़मू मंडल अध्यक्ष जगलाल महतो, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश यादव, तारकेश्वर भारती, प्रदीप साहू, प्रदीप भोगता सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।#virlvideoburmunews
Burmu, Ranchi | Nov 7, 2026