बुढ़मू : नेम-निष्ठा, लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की संध्या को बुढ़मू के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भुवन भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया।
संध्या अर्घ्य के लिए दोपहर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। व्रती महिलाएं सिर पर दौरा, हाथ में सूप लिए घाटों पर पहुंचीं। सूप में ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना, सिंघाड़ा, अदरक, हल्दी और अन्य फल-फूल सजाए गए थे। बांस के बने मंडप, केले के पत्ते, गेंदे के फूल और दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। जैसे ही सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़े, व्रती कमर भर पानी में खड़े होकर हाथ जोड़कर सूर्यदेव की आराधना करने लगे। शंख-घंटे, छठ गीतों और “जय छठी मैया” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। सूर्यास्त के समय व्रतियों ने दूध-जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व लोक कल्याण की कामना की।*
छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई थी। शनिवार को खरना के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। रविवार को संध्या अर्घ्य के बाद व्रती पूरी रात जागरण कर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण करेंगे।घाटों पर सुरक्षा और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई थी। घाटों की सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती की गई थी। पुलिस और स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने में लगे रहे। स्थानीय युवाओं ने व्रतियों की सहायता के लिए घाटों पर सेवा शिविर लगाए थे। बुढ़मू के घाटों पर छठ का यह नजारा लोक आस्था की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा था, जहां जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी लोगों ने एक साथ सूर्योपासना की।#vialvideoranchinews
Burmu, Ranchi | Nov 15, 2026