कांटी की अस्थाई गौशाला में मिली बड़ी अनियमितता, 280 गोवंश दूसरी गौशाला में शिफ्ट
कमिश्नर के निर्देश पर हुई कार्रवाई, चारा-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था पर उठे सवाल
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज/जसरा। जसरा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम सभा कांटी में संचालित अस्थाई गौवंश आश्रय स्थल में निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर कई अनियमितताएं सामने आने का मामला सामने आया है। व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने के बाद प्रयागराज मंडल के कमिश्नर के निर्देश पर गौशाला में मौजूद 280 गोवंशों को तत्काल दूसरी गौशाला में शिफ्ट करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि कांटी ग्राम सभा में ग्राम प्रधान लालचंद्र की देखरेख में संचालित अस्थाई गौशाला में पिछले कई दिनों से गोवंशों के रखरखाव को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के बाद अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया, जहां चारा-पानी, साफ-सफाई और पशुओं की देखभाल को लेकर कमियां मिलने की बात सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गौशाला में रखे सभी 280 गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।
वहीं, अस्थाई गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर ग्राम प्रधान की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में ग्राम प्रधान या संबंधित जिम्मेदार पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
अब सवाल यह है कि अस्थाई गौशाला में इतनी बड़ी संख्या में गोवंशों के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी क्यों नहीं की गई और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।