कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी मुहिम का असर, पंवर सुक्खू का पूरा में थमा अवैध कारोबार
पत्रकारों, पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त पहल से बदला गांव का माहौल, ग्रामीणों ने जताया आभार
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
करछना/प्रयागराज। ग्राम सभा पंवर के सुक्खू का पूरा में लंबे समय से चल रहे कच्ची शराब के कथित कारोबार के खिलाफ आखिरकार बड़ी मुहिम रंग लाई। गांव में कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर ग्रामीणों में बढ़ती नाराजगी के बीच पत्रकारों, पुलिस विभाग और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया तथा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवाज बुलंद की।
अभियान के दौरान गांव के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और ग्रामीणों को कच्ची शराब के सेवन एवं कारोबार से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। अभियान के बाद ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कच्ची शराब बनाने और बेचने का कारोबार फिलहाल पूरी तरह बंद हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक कच्ची शराब के कारण लंबे समय से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा था। शराब के कारोबार का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ने की चिंता ग्रामीणों को सता रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार बंद होने से अब गांव में पहले की अपेक्षा शांति का माहौल है और लोगों ने राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
अभियान के सफल होने के बाद ग्रामीणों ने पत्रकारों और पुलिस विभाग की भूमिका की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलता रहा तो गांव में अवैध शराब का कारोबार दोबारा पनप नहीं सकेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कच्ची शराब के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखा जाए और यदि कहीं भी दोबारा अवैध शराब का निर्माण या बिक्री शुरू होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों की एकजुटता और प्रशासनिक कार्रवाई से सुक्खू का पूरा अब अवैध शराब के खिलाफ संघर्ष की मिसाल बनता नजर आ रहा है।