#Balrampur ! पुलिस झंडा दिवस पर शौर्य, अनुशासन और जनसेवा का संदेश, एसपी ने ध्वज फहराकर किया सम्मानित...
#बलरामपुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया गया तथा मिष्ठान वितरित कर उन्हें झंडा दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में एसपी ने पुलिस झंडा दिवस के ऐतिहासिक महत्व और उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी को उनके शौर्य, अदम्य साहस एवं कर्तव्यपरायणता के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह ध्वज पुलिस बल के सम्मान, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
एसपी ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को ईमानदारी, निष्पक्षता और पूर्ण निष्ठा के साथ दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा संगठित अपराध जैसी बढ़ती चुनौतियों के बीच पुलिसकर्मियों को सतर्क, संवेदनशील और तकनीकी रूप से दक्ष रहना जरूरी है। आमजन के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान और कानून के प्रति निष्ठावान रहने तथा जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों में उत्साह और गौरव का माहौल रहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #balrampurpolice