#Balrampur ! गांवों, कस्बों और स्कूलों में मिशन शक्ति का जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए अधिकार
बाल विवाह, दहेज, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों से किया जागरूक
#बलरामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों ने अभियान संचालित किया। इस दौरान महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
जागरूकता कार्यक्रमों में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और गुड टच-बैड टच जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। पुलिस ने बाल विवाह और दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति के साथ दंडनीय अपराध बताते हुए इनके खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 1090, 112, 181, 1098, 1930, 108, 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र एवं परिवार परामर्श केंद्र की उपयोगिता बताकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की और जागरूकता पंपलेट वितरित किए। बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
#balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 23, 2026