#Balrampur ! जनसुनवाई में एसपी ने दिखाई सख्ती, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर दी चेतावनी...
भूमि विवाद से साइबर फ्रॉड तक शिकायतें सुनीं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश...
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसपी ने प्रत्येक मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों से गूगल मीट के जरिए संवाद कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवाद के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर थाना समाधान दिवस के माध्यम से मौके पर पैमाइश और विवादों के निस्तारण पर जोर दिया। वहीं, महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति के तहत जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों को सतर्क निगरानी रखने को कहा।
साइबर फ्रॉड की शिकायतों को साइबर सेल भेजकर 24 घंटे के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क करने और कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों को थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मदद करने की हिदायत दी।
प्रार्थना पत्रों और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा स्वयं एसपी स्तर से किए जाने की बात कही गई। उन्होंने समयबद्ध, प्रभावी और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही तय रहेगी।
#balrampurpolice