#Balrampur ! सदर तहसील समाधान दिवस में गूंजीं समस्याएं, संयुक्त टीम से जांच के निर्देश...
#बलरामपुर। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, मार्ग अवरोध, पारिवारिक विवाद, पट्टा संबंधी मसले, पुलिस से जुड़ी शिकायतों तथा राजस्व व प्रशासन से संबंधित कई प्रार्थना पत्र आए। अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकरण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त टीमें तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करें, ताकि विवादों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान हो सके। वहीं, उच्चस्तरीय मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समय से संबंधित अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पुलिस से जुड़े प्रार्थना पत्रों का वस्तुनिष्ठ विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
#BalrampurDm #balrampurpolice