मातृ-शिशु मृत्यु की रोकथाम को लेकर भटनी CHC का विशेष अभियान, गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
#भटनी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भटनी के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार के निर्देश पर मातृ एवं शिशु मृत्यु की रोकथाम को लेकर विभिन्न गांवों में स्वास्थ्य कैम्प आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत भरहेचौरा, बेहराडाबर के टोला कवलाडाबर, मोतीपुर टिकैत, बलुआ अफगान एवं वीरसिंहपुर (विशुनपुर) में आयोजित कैम्प में गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कैम्प में गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज एवं पेट की जांच की गई। हाई रिस्क गर्भावस्था में बरती जाने वाली सावधानियों के साथ सुरक्षित प्रसव को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने और प्रसव के लिए उचित स्वास्थ्य केंद्र का चयन करने की सलाह दी।
इसके अलावा नवजात एवं छोटे बच्चों की देखभाल, स्तनपान कराने के सही तरीके तथा बच्चों के पोषण संबंधी जानकारी दी गई। छोटे बच्चों को आयरन सिरप तथा गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम एवं फोलिक एसिड उपलब्ध कराया गया। बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम, एलर्जी सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के मरीजों को आवश्यकता के अनुसार दवाएं भी वितरित की गईं।
कैम्प में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी इशरत परवीन, रिंकी कुमारी, रेखा कुमारी, आनंद कुमार, एएनएम रम्भा यादव, अनुराधा शर्मा, गीता प्रजापति एवं सीमा देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
इस दौरान आशा बहुओं मंजू तिवारी, कुसुम देवी, लालमुनि देवी, आशा देवी, विद्या देवी, ज्ञांति देवी, शोभा देवी, अजमेरी खातून, संतरा देवी, संजू देवी, उस्मिला देवी, निशा देवी, मनभावती देवी, पूजा देवी, शकुंतला देवी, सुनैना देवी, सुषमा देवी एवं ममता देवी समेत बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।