मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण, एक चिकित्साधिकारी अनुपस्थित मिलीं
#भटनी, #देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूनखार, मंगराईच, सठियांव, डुमरी और भरहेचौरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
अधीक्षक सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूनखार पहुंचे। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोहन यादव, फार्मासिस्ट दीपक कुमार, एलटी दिव्या निगम, एएनएम करण रेखा और वार्ड ब्वॉय अनिरुद्ध उपस्थित मिले। केंद्र पर मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंगराईच का निरीक्षण किया गया। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकृति अनुपस्थित मिलीं, जिस पर उन्हें अनुपस्थित दर्ज किया गया। फार्मासिस्ट अजय यादव, एलटी अभिनंदन त्रिपाठी समेत अन्य स्टाफ मौजूद मिला।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सठियांव में चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव झा, फार्मासिस्ट उमेश मिश्र और वार्ड ब्वॉय श्याम बहादुर उपस्थित मिले। यहां भी मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद रत्नायके, फार्मासिस्ट अंकुर यादव, एलटी चंद्रशेखर यादव और एएनएम प्रियंका राय उपस्थित मिलीं।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरहेचौरा में चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह, फार्मासिस्ट सच्चिदानंद तिवारी, एलटी प्रभुनाथ प्रजापति और वार्ड ब्वॉय विशाल कार्यरत मिले।
145 मरीजों की हुई जांच और उपचार
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान कुल 145 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इनमें 65 पुरुष, 58 महिलाएं और 23 बच्चे शामिल रहे।
बीमारी के अनुसार 47 मरीज बुखार, 19 त्वचा रोग, 13 पेट संबंधी समस्या, 3 हाइपरटेंशन (एचटीएन), 2 ब्लड प्रेशर से संबंधित मरीज मिले। इसके अलावा 8 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जबकि 53 मरीज अन्य बीमारियों से संबंधित रहे।
अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।