डायट देवरिया में ECCE रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन
प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, शिक्षकों को मिलेंगे बेहतर शैक्षिक संसाधन
#dietdeoria #देवरिया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), देवरिया में बुधवार को ECCE (Early Childhood Care and Education) रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। सेंटर का उद्घाटन डायट प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजित सिंह एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। ECCE के माध्यम से बच्चों में भाषा, संज्ञानात्मक क्षमता, सामाजिक-भावनात्मक विकास, रचनात्मकता और बुनियादी कौशल विकसित करने के लिए खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ECCE रिसोर्स सेंटर शिक्षकों एवं ECCE से जुड़े कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण, संदर्भ सामग्री, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तथा नवाचारी गतिविधियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बच्चों के लिए अधिक प्रभावी, रोचक और आनंददायी शिक्षण वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स सेंटर में उपलब्ध विभिन्न शैक्षिक सामग्री, गतिविधि आधारित संसाधनों एवं बाल-केंद्रित शिक्षण सामग्री का अवलोकन किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने ECCE के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे खेलते हुए सीखें और अपनी जिज्ञासा एवं रचनात्मकता को स्वतंत्र रूप से अभिव्यक्त कर सकें। ECCE रिसोर्स सेंटर इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र रामपुर कारखाना, देवरिया के बच्चों को उत्साहवर्धन एवं प्रोत्साहन दिया गया। कार्यक्रम में नोडल एसआरजी उपेन्द्र उपाध्याय, नोडल ECCE गोविन्द जी गुप्ता, डायट प्रवक्तागण श्रीमती सीमा, डॉ. परशुराम यादव एवं श्री आफताब अहमद, डीसी निपुण गोरख यादव, डीसी प्रशिक्षण आशुतोष शुक्ला, पटल सहायक समग्र शिक्षा सत्यम श्रीवास्तव सहित डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
ECCE रिसोर्स सेंटर के उद्घाटन के साथ ही देवरिया में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई।