भारत की संस्कृति सबको जोड़ती है : सुरजीत
रामपुर कारखाना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवरिया की ओर से संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सोमवार को डाइट रामपुर कारखाना में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीटीसी प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत रहे। अध्यक्षता युवा संवाद के जिला सह संयोजक सतीश ने की, जबकि संचालन आशुतोष ने किया।
सह प्रांत प्रचारक सुरजीत ने युवाओं को देशप्रेम और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि देश सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में अनेक विविधताएं होने के बावजूद हमारी संस्कृति ने देश को एक सूत्र में बांधकर रखा है। देश की स्वतंत्रता और उन्नति के लिए अनेक लोगों ने अपना बलिदान दिया है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि विवेकानंद ने पहले भारत और उसकी संस्कृति को जाना, इसके बाद अमेरिका जाकर भारतीय संस्कृति और विचारों को विश्वभर में पहचान दिलाई। उन्होंने युवाओं से शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ देशसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सुरजीत ने कहा कि युवाओं को भेदभाव मिटाने, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन के लिए आगे आना चाहिए। विद्यार्थियों को पहले अपने देश को जानना चाहिए और उसके इतिहास एवं संस्कृति का अध्ययन करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला प्रचारक आकाश, जिला समरसता प्रमुख पंकज, खंड कार्यवाह शिवेंद्र, विनीत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।