आशा बहुओं की क्लस्टर बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
भटनी। जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के समयबद्ध एवं समुचित अनुपालन के निर्देश दिए जाने के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी में आशा बहुओं की मासिक समीक्षा क्लस्टर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने की।
अधीक्षक ने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को नियमित रूप से पूरा करें। उन्होंने बाल आभा कार्ड, आभा कार्ड तथा सूचीबद्ध आयुष्मान लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य सूचकांक रजिस्टर (VHIR) को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया कि इस रजिस्टर में जन्म, मृत्यु, गर्भावस्था, टीकाकरण और परिवार नियोजन सेवाओं से संबंधित जानकारी दर्ज की जाती है। आशा कार्यकर्ता घरेलू भ्रमण के दौरान इसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने, उच्च जोखिम वाले मामलों की पहचान करने तथा ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHND) से संबंधित विवरण दर्ज करती हैं।
बैठक में वैक्सीन एवॉयड बिहेवियर वाले परिवारों को समय से टीकाकरण के प्रति जागरूक करने तथा निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जीरो डोज, एमपीआर, टीकाकरण क्षमतावर्धन, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का सर्वे रजिस्टर, HBNC/HBYC, U-WIN पोर्टल, BC, PCI तथा GAVI फीडबैक डेटा से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर रानी यादव, GAVI मॉनिटर आनंद गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आशा बहुएं मौजूद रहीं।