भागलपुर, 03 सितंबर 2026:- प्रमंडलीय आयुक्त, भागलपुर की अध्यक्षता में आज नीलाम पत्र वादों के निष्पादन एवं लंबित राजस्व की वसूली की प्रगति को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर एवं बांका जिलों में नीलाम पत्र वादों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा सभी संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों एवं जिला प्रशासन को लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पुराने एवं लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए तथा छोटे एवं कम राशि वाले मामलों का त्वरित निष्पादन कर लंबित मामलों की संख्या में प्रभावी कमी लाई जाए। नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन के लिए जिलों में अधिक से अधिक नीलाम पत्र न्यायालय/कोर्ट का संचालन एवं आवश्यकता के अनुसार कोर्ट की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को साप्ताहिक आधार पर मामलों की समीक्षा एवं नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निष्पादन की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विशेष रूप से रिकवरी बढ़ाने पर बल दिया गया। सभी जिलों को उपलब्ध संसाधनों एवं विधिसम्मत प्रक्रियाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। भागलपुर जिले के संदर्भ में लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन एवं राजस्व वसूली में और अधिक गति लाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। जिले में लंबित पुराने मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा, छोटे मामलों का शीघ्र निष्पादन, नीलाम पत्र न्यायालयों की प्रभावी कार्यप्रणाली तथा साप्ताहिक समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से निष्पादन एवं रिकवरी की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि नीलाम पत्र वादों का त्वरित निष्पादन, लंबित मामलों में कमी तथा अधिकतम राजस्व वसूली प्रशासन की प्राथमिकताओं में है। इस दिशा में निरंतर समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
24 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 3, 2026