भागलपुर, 03 सितंबर 2026:- जिले में गंगा एवं कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
दिनांक 22 अगस्त 2026 से गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़ना प्रारंभ हुआ। 24 अगस्त की रात्रि राघोपुर-काजीकोरैया बांध टूटने के बाद खरीक अंचल की राघोपुर पंचायत प्रभावित हुई। प्रभावित लोगों के लिए 24 अगस्त से सामुदायिक रसोई प्रारंभ की गई, जिसके माध्यम से अब तक 62,698 आपदा पीड़ितों को भोजन कराया जा चुका है।
राघोपुर बांध-सह-रेलवे टैगिंग बांध में तेज कटाव एवं अंडरमाइनिंग के कारण लगभग 30 मीटर लंबाई में क्षति हुई थी। दिनांक 01 सितंबर की सुबह पुनः क्षति होने से अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम कटाव बढ़ा तथा कुल ब्रीच लगभग 400 मीटर तक पहुंच गया। क्षतिग्रस्त स्थल पर बचाव कार्य के लिए 2,800 मेगा जियो बैग एवं 1.25 लाख बालू भरे बोरे उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त 02 लाख बोरे निकटवर्ती प्रमंडलों से भेजे जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य में 45 ट्रैक्टर, 02 पोकलेन, 03 जेसीबी, 06 नाव एवं लगभग 85 श्रमिक कार्यरत हैं।
दिनांक 03 सितंबर 2026 को गंगा नदी का जलस्तर भागलपुर में 33.50 मीटर, कहलगांव में 31.87 मीटर, सुल्तानगंज में 35.92 मीटर, इस्माईलपुर-बिंदटोली में 32.18 मीटर तथा राघोपुर में 33.15 मीटर दर्ज किया गया। सभी स्थानों पर जलस्तर में बढ़ने की प्रवृत्ति दर्ज की गई है। वहीं, कोसी नदी के कुरसेला, मदरौनी एवं चोरहर में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है।
वर्तमान में खरीक अंचल की 01 पंचायत के 05 गांवों में 1,005 परिवार एवं 5,011 लोग प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त संभावित प्रभावित क्षेत्रों में इस्माईलपुर एवं नवगछिया अंचल से संबंधित क्षेत्रों को भी चिन्हित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF एवं NDRF की टीमों की तैनाती की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में नाव, मानवबल एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
31 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 3, 2026