भागलपुर, 03 सितंबर 2026:- वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग-सह-पुलिस सभा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रत्येक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कांडों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर बल दिया गया।
साथ ही, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु जन-जागरूकता बढ़ाने एवं साइबर संबंधी कांडों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखते हुए भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा जनविश्वास को और सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके उपरांत आयोजित पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों, संसाधनों की उपलब्धता, ड्यूटी प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। प्राप्त शिकायतों, सुझावों एवं समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस बल के मनोबल, कार्यकुशलता एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने पर भी बल दिया गया।
32 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 3, 2026