श्री गुरू संत रविदास विकास शिविर का हुआ आयोजन
22 महत्वपूर्ण योजनाओं से अनुसूचित जाति परिवारों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य
भागलपुर, 03 सितंबर 2026। श्री गुरू संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत सबौर प्रखंड अंतर्गत बरारी पंचायत के अनुसूचित जाति टोला, झुरखुरिया के वार्ड संख्या-13 एवं 14 स्थित सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड में श्री गुरू संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा श्री गुरू संत रविदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को शिविर के उद्देश्यों एवं सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार के महत्वपूर्ण विभागों द्वारा संचालित 22 महत्वपूर्ण योजनाओं से अनुसूचित जाति टोलों में निवासित पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शिविर में संबंधित विभागों द्वारा सभी लक्षित 22 योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र लाभुकों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने तथा अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन शिविर में देने की अपील की।
शिविर में लोगों से प्राप्त कुल 55 आवेदनों में से 37 आवेदनों का निष्पादन किया गया। इस अवसर पर 10 पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन एवं जीविका समूह में सदस्यता प्रमाण-पत्र का वितरण जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया।
शिविर के आयोजन से झुरखुरिया अनुसूचित जाति टोला के लोगों में सरकार की इस पहल को लेकर काफी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
21 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 3, 2026