#Balrampur ! छठ घाटों पर पुलिस का पहरा, नाव से निगरानी और गोताखोर तैनात...
एसपी ने सिसई घाट का किया निरीक्षण, गहरे पानी में जाने से बचने की अपील...
#बलरामपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बलरामपुर पुलिस अलर्ट है। रविवार को एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कोतवाली नगर क्षेत्र के राप्ती नदी स्थित सिसई घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
घाटों पर नाव से पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कर गोताखोरों को बचाव उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीम को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य देने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या स्थानीय पुलिस को सूचना देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एएसपी विशाल पाण्डेय, सीओ नगर अभिषेक सिंह और कोतवाली नगर प्रभारी संतोष कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।